कमिश्नर ने डायलिसिस मशीन एवं अस्पताल परिसर में मरीजों के परिवहन हेतु वाहन का फीता काटकर किया शुभारंभ

कमिश्नर ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा 



Junaid khan - शहडोल। 25 फरवरी 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के प्रयासों से जिला अस्पताल शहडोल को मरीजों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 लाख रुपये की लागत वाली डायलिसिस मशीन एवं अस्पताल परिसर में मरीजों के शिफ्टिंग के लिए महिन्द्रा एजेंसी द्वारा प्रदाय वाहन का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कमिश्नर ने जिला अस्पताल शहडोल के शिशु गहन चिकित्सा इकाई, पीआईसीयू वार्ड, ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। कमिश्नर ने शिशु गहन चिकित्सा इकाई का निरीक्षण कर वहां भर्ती नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. शिल्फी सराफ ने अवगत कराया कि प्रतिदिन लगभग 15 से 20 डिलीवरी होती हैं एवं वर्तमान में पोस्ट ऑपरेटिव रूम में 35 मरीज भर्ती हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। कमिश्नर ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, भर्ती मरीजों, नवजात शिशुओं, बेड्स की संख्या सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती प्रभा मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post