फायलेरिया उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम, शुरू हुआ सामूहिक दवा सेवन अभियान

अभियान का शुभारंभ माता शबरी शासकीय कन्या परिसर, कंचनपुर में किया गया 


Junaid khan - शहडोल। 10 फरवरी 2026- फायलेरिया (हाथी पांव) जैसी गंभीर बीमारी के नियंत्रण एवं उन्मूलन के उद्देश्य से विकासखंड सोहागपुर के समस्त ग्रामों में 10 फरवरी 2026 से 24 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन (एम.डी.ए.) अभियान का संचालन किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी तथा कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि श्री अर्जुन सोनी की उपस्थिति में माता शबरी शासकीय कन्या परिसर, कंचनपुर में संपन्न हुआ। अतिथियों ने स्वयं दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की तथा आमजन से दवा सेवन की अपील की। विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी ने कहा कि शासन द्वारा फायलेरिया बीमारी से आमजन की सुरक्षा हेतु यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 10, 11 एवं 12 फरवरी को निर्धारित बूथों पर नागरिकों को फायलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा। 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड के तहत बूथों पर छूटे हुए लोगों को दवा दी जाएगी। इसके पश्चात 14 फरवरी से 20 फरवरी तक स्वास्थ्य दलों द्वारा घर-घर जाकर दवा का सेवन कराया जाएगा, जबकि 21 से 24 फरवरी तक अंतिम मॉप-अप राउंड चलाया जाएगा। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने आमजन से अपील की है कि फायलेरिया रोधी अभियान के तहत बनाए गए बूथों में पहुंचकर दवाओं का सेवन अवश्य करें। आपने बताया कि यह बीमारी किसी भी व्यक्ति को हो सकती है, इसलिए 02 वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर शेष सभी नागरिकों को निर्धारित मात्रा में डीईसी (डाय-एथाइल कार्बामैजीन) एवं एल्बेंडाजोल दवा का सेवन कराया जाएगा। दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना है, तथा एल्बेंडाजोल की गोली चबाकर खानी अनिवार्य है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि निर्धारित खुराक के अनुसार 02 से 05 वर्ष के बच्चों को 01 डीईसी $ 01 एल्बेंडाजोल, 06 से 14 वर्ष के बच्चों को 02 डीईसी $ 01 एल्बेंडाजोल, 15 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को 03 डीईसी $ 01 एल्बेंडाजोल, खिलाई जाएंगी। कार्यक्रम में डॉ. सुनील स्थापक (खंड चिकित्सा अधिकारी, सोहागपुर), डॉ. संतोष भार्गव (स्टेट प्रतिनिधि), श्री हनुमान प्रसाद नामदेव (जिला मलेरिया अधिकारी), श्री मनोज द्विवेदी (डीपीएम), श्री शिवशंकर शुक्ला (जिला व्हीबीडी सलाहकार), श्री रामगोपाल गुप्ता (डीसीएम), श्री रामचंद्र चतुर्वेदी (प्रभारी एमटीएस), श्री देवेन्द्र श्रीवास्तव (प्राचार्य) सहित सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, आशा, एमएसजी कार्यकर्ता एवं समस्त स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।

Previous Post Next Post