दहेज के लिए बेरहमी से हत्या, शव के टुकड़े कर जलाया,बोरी में भरकर नाले में फेंका
Junaid khan - शहडोल। दहेज की कुप्रथा ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में एक नवविवाहिता की कथित रूप से दहेज की मांग को लेकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले महिला की बेरहमी से हत्या की, फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाकर टुकड़ों में काटा और बोरी में भरकर जोगी नाला में फेंक दिया। घटना के उजागर होते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। शादी के छह माह बाद शुरू हुआ अत्याचार। ग्राम बहुपुर निवासी पीड़ित पिता बबलू महरा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री राजेशनंदनी उर्फ सुरसा का विवाह वर्ष 2021 में बरबसपुर निवासी रामकुमार महरा के साथ हुआ था। विवाह के कुछ ही माह बाद पति रामकुमार, ससुर देवशरण, सास जवित्री बाई और देवर रामराज द्वारा मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों के अनुसार, सुरसा को आए दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारपीट की जाती थी और धमकी दी जाती थी कि यदि उसने मायके में शिकायत की तो उसे टुकड़ों में काटकर फेंक दिया जाएगा। बांझपन’ का ताना और दूसरी शादी की धमकी। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में मोटरसाइकिल की किस्त और पैसों को लेकर विवाद और गहरा गया। पति ने उस पर संतान न होने का आरोप लगाते हुए दूसरी शादी करने की धमकी दी। 20 जनवरी 2026 को आरोपी पति कथित रूप से सुरसा को जबरन अपने साथ ले गया। 21 जनवरी को परिजनों से उसकी आखिरी बार बातचीत हुई, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। जब पिता और अन्य परिजन बरबसपुर पहुंचे तो उन्हें टालमटोल जवाब दिए गए। कभी कहा गया कि वह सो रही है, तो कभी बताया गया कि कहीं बाहर गई है। जोगी नाला में मिला अधजला शव कुछ दिनों बाद ग्राम बरबसपुर के पास स्थित जोगी नाला में एक अधजले शव के टुकड़े मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से ताबीज, माला और कपड़ों के जले हुए अवशेष मिले। पीड़ित पिता ने दांत, खोपड़ी और बालों के आधार पर अपनी बेटी की पहचान की। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाकर टुकड़ों में काटा और बोरी में भरकर नाले के पास फेंक दिया। न्याय की गुहार, कड़ी कार्रवाई की मांग पीड़ित परिवार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पिता ने पुलिस महानिरीक्षक से मिलकर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने की अपील की है। यह घटना न केवल एक परिवार की दुनिया उजाड़ गई, बल्कि समाज के सामने एक बार फिर दहेज जैसी कुरीति की भयावह सच्चाई उजागर कर गई है। सवाल उठता है कि आखिर कब तक बेटियां लालच और लोभ की बलि चढ़ती रहेंगी? पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हत्या की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी, लेकिन इस जघन्य वारदात ने पूरे अनूपपुर जिले को झकझोर कर रख दिया है।
