76 आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आयोजन, 15 सक्षम केंद्रों में स्मार्ट टीवी पर लाइव वेबकास्ट देख उत्साहित हुईं महिलाएं
Junaid Khan - शहडोल। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के तहत आयोजित राशि अंतरण कार्यक्रम का प्रसारण शहरी परियोजना शहडोल के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान वार्ड स्तर की महिलाओं ने एकजुट होकर टीवी एवं वेबकास्ट के माध्यम से लाइव प्रसारण देखा और योजना की जानकारी प्राप्त की। शहरी परियोजना अंतर्गत कुल 76 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें से 15 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों को पूर्व में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराई गई थी, जहां कार्यक्रम का सीधा ब्रॉडकास्ट टीवी स्क्रीन पर दिखाया गया। शेष केंद्रों में भी मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी के माध्यम से यूट्यूब वेबकास्ट के जरिए महिलाओं ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। सक्षम केंद्रों में स्थापित स्मार्ट टीवी से मोबाइल फोन आसानी से कनेक्ट हो गए, जिससे प्रसारण स्पष्ट रूप से बड़े स्क्रीन पर दिखाई दिया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखा और योजना की राशि अंतरण की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने महिलाओं को योजना के लाभ और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। महिलाओं ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शहरी परियोजना शहडोल में इस प्रकार तकनीकी संसाधनों के माध्यम से कार्यक्रम का सफल प्रसारण शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।

