सरफा बांध और बड़ी भीड़ तालाब का औचक निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
Junaid khan - शहडोल। 14 फरवरी 2026। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी ने आज सरफा बांध एवं बड़ी भीड़ तालाब सहित नगर में प्रगति पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सरफा बांध स्थित नवीन जल शोधन संयंत्र में छोटा पैदल पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा जल परीक्षण प्रयोगशाला को यथाशीघ्र संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त पंप गृह में खराब पड़ी जल मोटरों की मरम्मत कर नगरवासियों को स्वच्छ एवं पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। भ्रमण के समय बड़ी भीड़ तालाब परिसर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण एवं महिलाओं के लिए पृथक स्नानागार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। साथ ही तालाब में प्रगति पर चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु उपयंत्री को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री एस.एस. तोमर, जल प्रदाय विभाग से श्री अनिल मिश्रा तथा नगर पालिका परिषद के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
