आरकेटीसी कंपनी के खिलाफ गेट जाम कर प्रदर्शन, 17 लोगों पर मामला दर्ज

उत्पादन प्रभावित होने से कंपनी को लाखों का नुकसान, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई 


Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी क्षेत्र में आरकेटीसी कंपनी के खिलाफ गेट जाम कर प्रदर्शन करना स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने कंपनी के कामकाज को बाधित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

गेट जाम कर किया गया उग्र प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार गुरुवार को स्थानीय लोगों ने कंपनी के मुख्य गेट के बाहर टेंट लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। धीरे-धीरे यह प्रदर्शन उग्र होता गया और प्रदर्शनकारियों ने गेट जाम कर दिया, जिससे कंपनी का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान जमकर हंगामा भी किया गया। एक महीने पहले हुई थी मारपीट की घटना बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले कंपनी के एचआर और कुछ कर्मचारियों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। इसके बाद कंपनी ने 8 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। इसी कार्रवाई के विरोध में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा था, जो गुरुवार को गेट जाम में बदल गया।

उत्पादन ठप,कंपनी को भारी नुकसान 

कंपनी के एचआर राकेश पांडेय की शिकायत के अनुसार, गेट जाम और प्रदर्शन के चलते कंपनी में कोयला उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हुआ। दो शिफ्ट में काम बंद रहने से कंपनी को लगभग 80 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज

एचआर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गेट जाम कर प्रदर्शन करने वाले 17 लोगों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है। इनमें गिरीश चौरसिया, श्रीकांत द्विवेदी, कैलाश, शिव यादव, प्रदीप शर्मा, सूरज विश्वकर्मा सहित अन्य लोग शामिल हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, आगे होगी कार्रवाई। थाना प्रभारी खेम सिंह पेंड्रो ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने और कंपनी के कामकाज में बाधा डालने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post