हिंदू मुस्लिम एकता मंच की बैठक संपन्न, एकता महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर बनी रणनीति

बॉलीवुड से जुड़ी कुछ प्रसिद्ध हस्तियों की उपस्थिति में सम्पन्न होगा हिन्दू मुस्लिम एकता मंच का एकता महोत्सव

धर्म समाज को जोड़ने का संदेश देगा कार्यक्रम सभी जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील



Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले उमरिया में दिनांक 15 मार्च 2026 को हिंदू मुस्लिम एकता मंच की महत्वपूर्ण बैठक शहर के जायका रेस्टोरेंट में आयोजित की गई। बैठक में आगामी माह अप्रैल में आयोजित होने वाले एकता महोत्सव 2026 कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में आपसी भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना बताया गया। बैठक की अध्यक्षता मंच के संस्थापक मो. असलम शेर एवं संगठन के संयोजक राजेंद्र कोल के नेतृत्व में की गई। बैठक में पिछले वर्ष आयोजित एकता महोत्सव 2025 की सफलता को देखते हुए इस वर्ष कार्यक्रम को और भव्य तथा व्यापक स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों तथा सभी धर्मों और समुदायों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि एकता महोत्सव 2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश देने वाले आयोजन किए जाएंगे। साथ ही कार्यक्रम में बॉलीवुड से जुड़ी कुछ प्रसिद्ध हस्तियों को भी आमंत्रित करने की योजना पर चर्चा की गई, जिससे कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बनाया जा सके। इस अवसर पर हिंदू मुस्लिम एकता मंच के संस्थापक मो. असलम शेर ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम करना नहीं बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारा और इंसानियत का संदेश फैलाना है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी एक ही समाज का हिस्सा हैं और हमें मिल-जुलकर जिले को आपसी सौहार्द का उदाहरण बनाना है। एकता महोत्सव इसी सोच को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। हिंदू मुस्लिम एकता मंच संगठन के संयोजक राजेंद्र कोल ने कहा कि आज के समय में समाज को सबसे ज्यादा जरूरत आपसी समझ और एकता की है। हिंदू मुस्लिम एकता मंच लगातार सामाजिक कार्यों और जनसेवा के माध्यम से लोगों को जोड़ने का काम कर रहा है। आने वाला एकता महोत्सव जिले में भाईचारे का नया संदेश देगा और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील

बैठक के अंत में हिंदू मुस्लिम एकता मंच के सभी सदस्यों ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि एकता महोत्सव 2026 सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि इंसानियत और भाईचारे का उत्सव है। इसलिए सभी लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित हिन्दू मुस्लिम एकता मंच के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही उपस्थित सभी लोगों ने अपने अपने सुझाव दिये। इस अवसर पर उपस्थित कंछेदी लाल, हनीफ खान, सचिन गुप्त, रहीश मंसूरी, वसीम अकरम, यस कुमार शर्मा, विनोद रोहणी, अनुज सेन, अब्दुल साबित, मो.मंसूर, अधीर सिंह, कृष्णकांत तिवारी, अजय कुमार, कपूरिया विश्वकर्मा, श्रीकांत तिवारी, नसरीन, रोहिनी श्याम, वरुण नामदेव, काजल, मोसिम, आदि हिन्दू मुस्लिम एकता मंच के सदस्य उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post