जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात अब नहीं भटकेंगे किडनी के मरीज,सांसद तंखा ने दी डायलिसिस मशीन

जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात अब नहीं भटकेंगे किडनी के मरीज,सांसद तंखा ने दी डायलिसिस मशीन 


Junaid Khan - शहडोल। 15 मार्च 2026 जिला चिकित्सालय शहडोल की स्वास्थ्य सुविधाओं में आज एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। राज्यसभा सांसद विवेक तंखा के विशेष प्रयासों से अस्पताल को एक अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस नई सुविधा के शुरू होने से जिले के सैकड़ों किडनी रोगियों को अब महानगरों की ओर नहीं दौड़ना पड़ेगा। धूमधाम से हुआ शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त गरिमामय कार्यक्रम में इस मशीन का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश मिश्रा एवं सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मशीन को जनता के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर अस्पताल का वरिष्ठ मेडिकल स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मरीजों को मिलेगी आर्थिक और मानसिक राहत

किडनी की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए डायलिसिस एक जीवन रक्षक प्रक्रिया है। अब तक आधुनिक मशीनों की कमी के कारण मरीजों को जबलपुर, नागपुर या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जो काफी खर्चीला और थका देने वाला होता था।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा: इस मशीन के आने से हम अब और अधिक मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार प्रदान कर सकेंगे। यह न केवल मरीजों का समय बचाएगी, बल्कि उन पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी कम करेगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस

डॉक्टरों के अनुसार, यह मशीन नवीनतम तकनीक पर आधारित है, जिससे डायलिसिस की प्रक्रिया सुरक्षित और सटीक होगी। अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में अब नियमित रूप से डायलिसिस सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Previous Post Next Post