महिला सफाई मित्रों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को किया गया सम्मानित
Junaid Khan - शहडोल दिनांक। 15 मार्च 2026 अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद शहडोल के सभागार में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में ज्ञान संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगर क्षेत्र में कार्यरत महिला सफाई मित्रों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को जागरूक करना, उनके कौशल एवं आत्मविश्वास का संवर्धन करना तथा महिला सशक्तिकरण की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ महिला सशक्तिकरण संवाद आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छता के महत्व,आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता, आजीविका के अवसरों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित महिलाओं को समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नगर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सफाई मित्रों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिला सफाई मित्र एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा उन्हें निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए नगर के विकास में सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्री सिल्लू रजक, श्री विकास तिवारी, श्री जितेंद्र सिंह, श्री प्रभात पांडे, श्रीमती संध्या पांडे, स्वच्छता नोडल अधिकारी पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता प्रभारी मोतीलाल सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, आईसी इंचार्ज गौरव विश्वकर्मा एवं आईईसी टीम के सदस्य सहित बड़ी संख्या में महिला सफाई मित्र एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक नागरिक के रूप में समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

