बिजली बिल बकाया पर कड़ी कार्रवाई,कई ट्रांसफार्मर बंद,उपभोक्ताओं को नोटिस जारी
Junaid Khan - शहडोल। बिजली विभाग शहडोल ग्रामीण के अंतर्गत बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिनके ऊपर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है। जानकारी के अनुसार जिन उपभोक्ताओं ने बार-बार सूचना देने के बावजूद अपने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया, उनके क्षेत्रों में लगे लगभग 07 ट्रांसफार्मर बंद कर दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि बकाया राशि की वसूली के लिए यह कार्रवाई की जा रही है और आगे भी अभियान जारी रहेगा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बकायादार उपभोक्ताओं को कई बार नोटिस जारी कर भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बाद भी कई लोगों ने बिल जमा नहीं किया। ऐसे में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता बिना बिजली बिल जमा किए अवैध रूप से बिजली का उपयोग करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है। बिजली विभाग द्वारा बताया गया कि उपभोक्ताओं को शासन की बकाया बिल भुगतान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे समय रहते अपना बकाया जमा कर सकें। इसके बावजूद जिन उपभोक्ताओं ने अब तक बिल जमा नहीं किया है, उनके कनेक्शन काटने और ट्रांसफार्मर बंद करने जैसी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपना बिजली बिल जमा करें, अन्यथा नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

