16 मार्च को खदान बंद आंदोलन का ऐलान
संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम पहुंचेंगे, किसानों की मांगों पर होगी निर्णायक लड़ाई
Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले अनूपपुर के रामपुर-बटुरा खुली खदान परियोजना से प्रभावित किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ग्राम पंचायत पड़रिया भवन में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 16 मार्च को खदान बंद कर किसानों के अधिकारों के लिए बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन को मजबूत करने और किसानों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुल्ताई के पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम आंदोलन स्थल पर पहुंचेंगे और किसानों के संघर्ष में सहभागी बनेंगे। बैठक में रामपुर, बटुरा, खैरबना, बैरिहा, पड़रिया, खाड़ा, चाका, अतरिया, बिछिया, कोदेली सहित आसपास के कई गांवों के सरपंच, उपसरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य तथा सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने बैठक में स्पष्ट कहा कि सभी अधिग्रहित गांवों के किसानों को मुआवजा एक साथ और तत्काल दिया जाए। इसके साथ ही विस्थापन, पुनर्वास और पुनर्स्थापना से जुड़े सभी पहलुओ संपूर्ण परिसंपत्तियों का मूल्यांकन और भुगतान तुरंत किया जाए। किसानों ने यह भी मांग उठाई कि प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए तथा सीएसआर और ईआर मद से क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य कराए जाएं। किसानों ने यह भी कहा कि जिन जमीनों का अधिग्रहण अभी तक लंबित है, उनकी अधिग्रहण प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी प्राथमिकता के साथ कार्य किए जाने की मांग रखी गई। बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी आवाज उठाई गई। किसानों ने रामपुर टगरा टोला से सादा तिराहा तक सड़क मरम्मत और विद्युतीकरण कार्य तत्काल कराने की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि पूर्व में ज्ञापन और बैठकों के माध्यम से जो भी मुद्दे प्रशासन और कंपनी को दिए गए हैं, उन सभी पर समय-सीमा निर्धारित कर किसानों के समक्ष स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत की जाए। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व एसडीएम एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य शांति मनमोहन चौधरी, जनपद सदस्य एवं वन समिति सभापति चंद्र कुमार तिवारी, सांसद प्रतिनिधि राजकमल मिश्रा, किसान नेता आदित्य त्रिपाठी, आनंद त्रिपाठी, ओमप्रकाश द्विवेदी, पत्रकार अखिलेश त्रिपाठी, नीलकंठ, उपसरपंच जुली बिछिया, नीलू राव, अशोक पटेल, कन्हैया पटेल, राजेंद्र पटेल, पुरुषोत्तम पटेल (कोदेली), लल्ला साहू, उद्यो साहू, श्रीनिवास तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आंदोलन समिति ने प्रेस के माध्यम से अनूपपुर और शहडोल जिले के सभी सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों, एसईसीएल से जुड़े यूनियन पदाधिकारियों, क्षेत्र के किसानों तथा इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया से अपील की है कि 16 मार्च को सुबह 10 बजे आंदोलन स्थल पर पहुंचकर किसानों के आंदोलन को समर्थन दें। समिति ने कहा कि भोपाल से आ रहे किसानों के प्रखर नेता डॉ. सुनीलम का स्वागत कर उनकी बात सुनें और अपनी समस्याएं भी उनके समक्ष रखें, ताकि क्षेत्र के किसानों की लड़ाई को व्यापक समर्थन मिल सके।
