कलेक्टर साहब! मेरी जमीन बचा लो,दबंग दे रहे जान से मारने की धमकी
Junaid Khan - शहडोल। जिले के खैरहा क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक रसूखदार दबंग द्वारा न केवल सरकारी व्यवस्था को चुनौती दी गई है, बल्कि एक गरीब, दृष्टिबाधित और बेसहारा बुजुर्ग की पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया गया है। पीड़ित अब्दुल मतीन न्याय की गुहार लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि खैरहा स्थित खसरा नंबर 641/2 और 642 (कुल रकबा 0.223 हेक्टेयर) की जमीन पर आरोपी दबंग शाहबाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर कब्जा कर लिया है। जमीन पर अवैध रूप से तारबंदी कर दी गई और बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी गई है। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने खुलेआम गाली-गलौज करते हुए हथियारों के दम पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अब्दुल मतीन, जो कि दृष्टिबाधित है और अपने जीवन यापन के लिए रायपुर में दिहाड़ी मजदूरी करता है, ने बताया कि आरोपी का आतंक इतना बढ़ चुका है कि वह अपने ही घर आने से डर रहा है। उसने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन हर बार उसे सिर्फ आश्वासन ही मिला। पीड़ित ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायत पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आरोपी खुलेआम कहता है कि उसकी पहुंच ऊपर तक है, इसलिए कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं, आरोपी पर यह भी आरोप है कि उसने खसरा नंबर 641/1, जो कि मुख़्तारलाल साहू के नाम पर दर्ज थी, उसे भी दबंगई के बल पर कब्जा कर लिया और वहां निर्माण कर लिया है। इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है या फिर एक गरीब की जमीन यूं ही दबंगों के हवाले कर दी जाएगी? खैरहा की जनता ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए अवैध कब्जा हटाकर पीड़ित को न्याय दिलाने की अपील की है। यह मामला न केवल एक व्यक्ति की पीड़ा को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि यदि समय पर सख्त कार्रवाई न हो, तो कानून का भय खत्म होता जा रहा है।
