बिजली विभाग की टीम से बदसलूकी: जूनियर इंजीनियर के वाहन को टक्कर मारने के बाद मारपीट,दोनों पक्षों पर केस दर्ज

बिजली बिल वसूली के दौरान हुई घटना, पुलिस ने अलग-अलग थानों में दर्ज किए प्रकरण


Junaid Khan - शहडोल। जिले में बिजली विभाग की टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। बिल वसूली के लिए गांव पहुंचे विभागीय कर्मचारियों के साथ पहले सड़क हादसा हुआ और उसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक जा पहुंचा। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना अमलाई थाना क्षेत्र के गिरवा गांव की है। यहां बिजली विभाग की टीम बकाया बिल की वसूली के लिए पहुंची थी। टीम में जूनियर इंजीनियर विकास कुमार भी शामिल थे। कर्मचारी घर-घर जाकर बिल वसूली कर रहे थे, जबकि जूनियर इंजीनियर विभागीय वाहन में बैठे हुए थे, जो सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक मौके से भाग निकला। घटना के बाद ग्रामीणों और विभागीय टीम ने पीछा कर वाहन को केशवाही क्षेत्र के बलबहरा रोड पर रोक लिया। बताया जा रहा है कि वाहन रुकवाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान जमकर गाली-गलौज भी हुई।

दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई 

मामले में पहली एफआईआर जूनियर इंजीनियर विकास कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है, जिसमें कार चालक पवन यादव और नितिन रजक पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, वाहन से टक्कर मारने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, कार चालक पवन कुमार ने केशवाही चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रास्ते में रोककर बिजली विभाग के कर्मचारियों हिमांशु पांडे, राजकुमार साहू और हेमराज वर्मा ने उसके साथ मारपीट की।

जांच में जुटी पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सक्रियता से हालात काबू में हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Previous Post Next Post