पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने का मामला,शादी को हुए थे महज दो साल मर्ग कायम,पीएम रिपोर्ट का इंतजार
Junaid Khan - शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनवाही में बीती रात एक हृदयविदारक और संदिग्ध घटना सामने आई, जहां एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
पुलिस और अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रेखा सिंह (24 वर्ष), पति कृष्णपाल सिंह, निवासी ग्राम कनवाही के रूप में हुई है। बताया गया कि बीती रात महिला घर से कुछ पैसे लेकर पास की दुकान पर गई, जहां से उसने पेट्रोल खरीदा। इसके बाद घर से करीब 100 मीटर दूर उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। बस्ती में मची अफरा-तफरी, अस्पताल में तोड़ा दम घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसी महिला को गोहपारू अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला चिकित्सालय शहडोल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सुबह लगभग 05 बजे परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पति ने बताई घटना की पूरी कहानी
मृतका के पति कृष्णपाल सिंह, जो पानी पैकिंग का कार्य करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 09 बजे घर पहुंचे थे। पत्नी ने खाना तैयार कर रखा था और दोनों ने साथ में भोजन किया। इसके बाद रेखा अचानक घर से पैसे लेकर बाहर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह उसे ढूंढने निकले, तभी उन्हें घटना की जानकारी मिली।
दो साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार मृतका की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। विवाह को अधिक समय न बीतने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। नवविवाहिता की मौत होने के चलते तहसीलदार की उपस्थिति में डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस गोहपारू थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। आत्महत्या, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। (अपडेट जारी… पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे अहम तथ्य)
