ग्रामीणों के द्वार पहुंचा न्याय: अमरहा में वृहद विधिक जागरूकता शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल द्वारा ग्राम अमरहा स्थित राजपूत हायर सेकेंडरी स्कूल सभागार में वृहद विधिक जागरूकता शिविर एवं शासकीय योजनाओं पर आधारित कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में न्यायिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना और आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न विधिक प्रावधानों, अधिकारों एवं शासन की जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही गांव में व्याप्त समस्याओं पर खुलकर चर्चा करते हुए उनके त्वरित एवं व्यावहारिक समाधान भी बताए गए। शिविर के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने अपने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक अधिकारी देवेंद्र सिंह परस्ते, थाना प्रभारी एम.एल. रहँगडाले, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंकिता सिंह, विद्यालय प्राचार्य कौशल सिंह, मीडिया प्रभारी एवं पैरा लीगल वालंटियर अरुण द्विवेदी तथा प्रकाश राव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वय से संचालित योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता एवं एएनएम, महिला एवं बाल विकास की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं, पशु चिकित्सालय विभाग के कर्मचारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर योजनाओं एवं विधिक सहायता का लाभ उठाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शहडोल के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बाइट:“ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से हम न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।देवेंद्र सिंह, जिला विधिक अधिकारी।

