8 घंटे तक चला आग बुझाने का अभियान, 6 से अधिक बार पानी डालकर पाया गया काबू पुलिस जांच में जुटी
Junaid Khan - शहडोल। के ब्यौहारी में एक छोटी सी चिंगारी ने बड़ा कहर बरपा दिया। वार्ड नंबर 9 न्यू बरौधा स्थित किराना गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। घटना वार्ड नंबर 9 न्यू बरौधा की है। बताया जा रहा है कि गोदाम राजेश गुप्ता का है, जो किराना सामान के थोक व्यापारी हैं। घटना के समय गोदाम बंद था और परिवार घर पर मौजूद था। आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना राजेश गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में दमकल कर्मियों को करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान 6 से अधिक बार दमकल वाहनों से पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाया गया। दमकल कर्मियों की सतर्कता और लगातार प्रयास के चलते आग को आसपास के अन्य मकानों और दुकानों तक फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा इलाका इसकी चपेट में आ सकता था। आग लगने से गोदाम में रखा भारी मात्रा में किराना सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 30 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। राजेश गुप्ता ने भी नुकसान की पुष्टि करते हुए बताया कि गोदाम में रखा लगभग पूरा स्टॉक जल गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ब्यौहारी पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के संकेत दिए हैं। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने गोदामों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
