ट्रक की केबिन में ड्राइवर ने लगाई फांसी, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का निवासी,शहडोल में सनसनी
Junaid Khan - शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ट्रेलर वाहन की चालक सीट के पीछे केबिन में वाहन चालक का शव फांसी पर लटका मिला है। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। शहडोल: जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक ट्रेलर वाहन की चालक सीट के पीछे केबिन में वाहन चालक का शव फांसी पर लटका मिला है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर विवेचना की जा रही है। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि थाना क्षेत्र के पानी टंकी के पास एक ट्रेलर वाहन की केबिन में चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिसकी जांच की जा रही है। टीआई का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर किसी और ढंग से इस चालक की मौत हुई है, इसका पता जांच के बाद ही पता चल पाएगा। बताया जा रहा है कि ट्रक क्रमांक यूपी 70 जीटी 1771 (अशोक लीलैंड) में यह शव मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक इलाहाबाद (प्रयागराज) से ईंट खाली करने के लिए शहडोल क्षेत्र में आया था। रात हो जाने पर वह पानी की टंकी के पास वाहन खड़ा कर वहीं रुक गया था, लेकिन सुबह जब आसपास के लोगों ने वाहन के अंदर झांककर देखा तो चालक का शव केबिन में लटका हुआ मिला। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन चालक और वाहन मालिक एक ही व्यक्ति है, जिसका नाम इरफान खान, पिता शकीर खान, निवासी प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) बताया जा रहा है। मृतक की उम्र करीब 38 साल बताई गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुला लिया गया है। जांच के बाद ही होगा खुलासा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। इलाके में फैली दहशत, कई सवाल खड़े
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। आखिर चालक ने यह कदम क्यों उठाया, क्या वह किसी मानसिक तनाव में था या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है। यह सभी सवाल फिलहाल जांच के घेरे में हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।
