चोरी गई एक्टिवा स्कूटी 48 घंटे के भीतर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। थाना अमलाई क्षेत्र में चोरी गई स्कूटी को महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। दिनांक 23.04.2026 को फरियादिया संगीता सिंह पति देवेश सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 12 शंकर मंदिर के पास अमलाई द्वारा थाना अमलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी होण्डा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP 19 MW 4655, जिसे उन्होंने दिनांक 22.04.2026 को सीएचसी धनपुरी के स्टाफ पार्किंग में खड़ी किया था, अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट पर अपराध धारा बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान धनपुरी में लगे सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के बहाने अस्पताल आया था और मौका पाकर स्टाफ क्षेत्र से स्कूटी की चाबी प्राप्त कर पार्किंग में खड़ी स्कूटी चोरी कर ले गया। उक्त कार्यवाही विवेचना के दौरान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर लगातार दबिश दी गई। इसी क्रम में दिनांक 25.04.2026 को आरोपी रमानंद तिवारी पिता स्व. राजाराम तिवारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खामिडोल थाना जैतपुर जिला शहडोल को पकरिया तिराहा बुढार से चोरी की गई स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया वाहन बरामद कर लिया गया है। उक्त आरोपी माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी धनपुरी के नेतृत्व में प्र.आर. शैलेन्द्र सिह, प्र.आर. दिनेश सिंह सउनि. भूपेन्द्र सिंह, सउनि. दीपक तिवारी आर. राघवेद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
