टैगोर पार्क के समय को लेकर जनता का फूटा गुस्सा, वीडियो वायरल 9 बजे तक खोलने की मांग तेज

गर्मी में 7 बजे बंदी से नाराज़ शहरवासी, सुरक्षा और सम्मानजनक व्यवहार की भी उठी मांग


Junaid Khan - शहडोल। शहर के बीचों-बीच स्थित टैगोर पार्क को लेकर जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। कुछ दिन पहले अखबारों में पार्क के समय बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की खबर प्रकाशित होने के बावजूद नगर पालिका और जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया। इससे नाराज़ नागरिकों ने अब सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए वीडियो वायरल करना शुरू कर दिया है, जिसमें अपनी समस्याओं और नाराज़गी को खुलकर जाहिर किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते लोग शाम 6 बजे के बाद ही घरों से निकल पाते हैं और 6:30 से 7 बजे के बीच पार्क पहुंचते हैं। ऐसे में 7 बजे या अधिकतम 7:15–7:30 बजे पार्क बंद कर दिया जाता है, जिससे परिवारों, बच्चों और महिलाओं को पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। लोगों का आरोप है कि पार्क बंद करते समय अंदर मौजूद लोगों के साथ गार्ड द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है, लाइट बंद कर दी जाती है और जल्दबाजी में बाहर निकाल दिया जाता है, जो बेहद आपत्तिजनक है। नागरिकों ने वायरल वीडियो में स्पष्ट कहा है कि टैगोर पार्क शहर का प्रमुख सार्वजनिक मनोरंजन स्थल है, जहां लोग अपने परिवार,बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग,के साथ सुकून के कुछ पल बिताने आते हैं। लेकिन वर्तमान समय-सीमा और व्यवहार के कारण उनका अनुभव खराब हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि पार्क का समय कम से कम रात 9 बजे तक किया जाए, ताकि लोग आराम से समय बिता सकें। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। नागरिकों का कहना है कि पार्क में पुलिस गश्त और प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड की नियमित तैनाती जरूरी है, ताकि नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों और किसी भी अप्रिय घटना पर रोक लगाई जा सके। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग भी जोर पकड़ रही है। जनता का कहना है कि यदि प्रशासन उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज करता रहा, तो आक्रोश और बढ़ सकता है। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि या तो पार्क का समय बढ़ाकर सुविधाएं बेहतर की जाएं, अन्यथा ऐसे पार्क का कोई औचित्य नहीं रह जाता उसे बंद ही कर देना बेहतर होगा। नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद से अपील की है कि जल्द से जल्द निर्णय लेते हुए पार्क का समय बढ़ाया जाए और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। उनका मानना है कि यदि समय और सुरक्षा दोनों का संतुलन बनाया गया, तो टैगोर पार्क शहर के लिए एक आदर्श और सुरक्षित मनोरंजन स्थल बन सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन जनता की बढ़ती नाराज़गी और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

Previous Post Next Post