सड़क मार्ग से निराश्रित पशुओ को भिजवाया गौशाला-कलेक्टर

शराब पीकर वाहन चालको के विरूद्व कार्यवाही कर लाइसेंस करें निरस्त- कलेक्टर 


Junaid Khan - शहडोल। 02 अप्रैल 2026-कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियो को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओ की रोकथाम हेतु जिले के प्रमुख सड़क मार्गों जहां वाहनों का आवागमन अधिक होता है। इनमें देवलौंद से शहडोल मार्ग, शहडोल से बुढ़ार मार्ग एवं शहडोल- डिंडौरी मार्ग में जिन स्थानों पर सड़कों में निराश्रित पशु बैठते हैं उन स्थानों को चिन्हित कर संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा वैकल्पिक गौशालाओं का संचालन किया जाए। ऐसे स्थल जहां पर पूर्व से ही गौशालाएं 20 किलोमीटर परिधि के भीतर संचालित हैं वहां निराश्रित पशुओं को ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों द्वारा गौशालाओं में पहुंचाया जाए। इन कार्यों में समाज सेवी संस्थाओं एवं एनजीओ की भी मदद ली जाए। व्यस्त मार्गों में दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। तथा सड़क के किनारों में सोल्डर बनाने के साथ ही संकेतक भी लगाए जाएं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियो को निर्देश दिए कि वाहन चेकिंग के दौरान यातायात नियमो का उल्लंघन करने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालको के विरूद्व सख्त कार्यवाही करते हुए परिवहन विभाग द्वारा लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्यवाही की जाएं। उन्होंने कहा कि उच्च यातायात घनत्व वाले क्षेत्रो एवं हाई रिस्क जोन वाले शहरी क्षेत्रो में या स्टेट हाइवे में क्रासिंग में आने वाले कस्बो में दुर्घटनाओ से बचाव हेतु स्पेशल स्ट्रीप बनाया जाए। उन्होंने जिले के दुर्घटना संभावित स्थानो में संकेतक बोर्ड, ब्रेकर लगाएं जाएं। कलेक्टर ने कहा कि व्हाईट एलईडी डैजिंग लाईट का विक्रय एवं उपयोग करने वाले वाहन चालको एवं विक्रेताओ के विरूद्व वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव ने अधिकारियो को निर्देश दिए कि यातायात नियमो का कड़ाई से पालन कराया जाएं एवं उल्लघनकर्ताओ के विरूद्व सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमो के प्रति जागरूक करने हेतु जिले में यातायात जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किये जाए। साथ ही राहगीर योजना की विस्तृत जानकारी से भी अवगत कराना सुनिश्चित करें। बैठक में सड़क दुर्घटनाओ की रोकथाम हेतु अन्य बिंदुओ पर भी विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती अनपा खान, डीपीसी श्री अमरनाथ, यातायात प्रभारी श्री संजय जायसवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहें।

Previous Post Next Post