अवकाश के दिन भी दफ्तरों में गूंजा कामकाज, वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में बढ़ी हलचल
Junaid Khan - शहडोल। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन में अब केवल एक दिन शेष रह गया है, ऐसे में जिले के शासकीय कार्यालयों में कार्यों को समय सीमा में पूरा करने की होड़ तेज हो गई है। हालात यह रहे कि अवकाश के दिन भी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालयों में मौजूद रहकर फाइलों का निराकरण करते नजर आए। नगर पालिका, पंजीयन विभाग, कलेक्ट्रेट सहित अन्य विभागों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। लंबित कार्यों को निपटाने के दबाव के चलते कर्मचारियों ने छुट्टी का दिन भी कार्य दिवस में बदल दिया। कार्यालयों के बाहर और भीतर लोगों की आवाजाही से माहौल सामान्य दिनों जैसा ही सक्रिय दिखाई दिया। पिछले कुछ दिनों से लगातार अवकाश और त्योहारों के कारण कार्य प्रभावित हुए थे, जिससे अब वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले सभी विभागों पर कार्य पूर्ण करने का दबाव बढ़ गया है। विशेष रूप से नगर पालिका में संपत्ति कर और जल कर जमा कराने वालों की भीड़ लगी रही, वहीं पंजीयन विभाग में दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। सोमवार को जनगणना 2027 के तहत गणना ब्लॉक गठन की अंतिम तिथि होने के कारण भी प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य अधिकारी स्वयं कार्यालय में बैठकर कार्यों की निगरानी करते रहे। इसके अलावा वित्तीय लेन-देन से जुड़े कार्य, बिलों के भुगतान और स्वीकृतियों की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की गई।
दस्तावेजों के लिए उमड़ी भीड़
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पंजीयन विभाग में दिनभर लोगों की भीड़ देखने को मिली। रजिस्ट्री, एग्रीमेंट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लगे रहे। 1 अप्रैल से नई गाइडलाइन लागू होने की संभावना के चलते संपत्ति की दरों में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए नागरिकों ने पुराने दरों पर ही अपने दस्तावेज पूरे कराने में रुचि दिखाई। जिले के सैकड़ों स्थानों पर संपत्ति से जुड़े कार्यों में तेजी आई है। यही वजह है कि पंजीयन कार्यालयों में काम का दबाव कई गुना बढ़ गया है। कुल मिलाकर, वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय नजर आई, जहां समय पर लक्ष्य हासिल करने के लिए अधिकारी-कर्मचारी अवकाश की परवाह किए बिना जिम्मेदारियों का निर्वहन करते दिखाई दिए।
