तीन लाख से अधिक कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
Junaid Khan - शहडोल। थाना जयसिंहनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर जप्त किया है। दिनांक 12.04.2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हलफल नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा ग्राम गिरूबड़ी मार्ग पर चेकिंग लगाई गई। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर का पावरट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली रोका गया, जिसमें लगभग 03 घनमीटर रेत भरी हुई थी। वाहन चालक राहुल द्विवेदी (24 वर्ष) से दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी द्वारा अवैध उत्खनन कर रेत परिवहन करने की बात स्वीकार की गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत को जप्त कर लिया। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई है। उक्त कार्यवाही के दौरान आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस द्वारा जप्त वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही निरीक्षक अजय कुमार बैगा थाना प्रभारी जयसिंहनगर के नेतृत्व में, सउनि. प्रमोद कुमार, प्रआर. नंदकुमार, आरक्षक ऋषिकांत, आरक्षक अंकित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
