पारिवारिक विवाद बना जानलेवा, युवक ने खुद को लगाई आग इलाज के दौरान मौत

आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम 

पत्नी पर कार्रवाई की मांग को लेकर शहडोल रीवा मार्ग रहा जाम,पुलिस जांच में जुटी


Junaid Khan - शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद से परेशान होकर एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपी पत्नी पर कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार देवलौंद के बाणसागर वार्ड क्रमांक 9 निवासी रवि कचेर का 2 अप्रैल को अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद पत्नी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और घर न जाकर अपनी परिचित महिला के घर चली गई। अगले दिन रवि कचेर पत्नी को लेने वहां पहुंचा और उसे घर चलने के लिए मनाने लगा, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया। पत्नी के मना करने से आहत रवि कचेर ने गुस्से और मानसिक तनाव में आकर अपनी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और खुद पर डालकर आग लगा ली। इस भयावह घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में तत्काल देवलौंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उसने दम तोड़ दिया। इस घटना ने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। बताया जा रहा है कि मौत से पहले दिए गए बयान में युवक ने कुछ लोगों पर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह बयान अब जांच का अहम आधार बन गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है। शनिवार को जब युवक का शव देवलौंद लाया गया तो परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पत्नी पर मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की और न्याय की गुहार लगाई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि पारिवारिक विवाद किस तरह गंभीर रूप ले लेते हैं और समय रहते समाधान न होने पर दुखद परिणाम सामने आते हैं। स्थानीय लोग भी इस मामले में जल्द से जल्द न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Previous Post Next Post