स्थापना दिवस से पहले NSUI का बड़ा आयोजन 3 से 9 अप्रैल तक चलेगी निबंध प्रतियोगिता
Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले उमरिया में आज दिनांक 04 अप्रैल 2026 भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिला उमरिया के द्वारा निबंध प्रतियोगिता कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के आगामी स्थापना दिवस (9 अप्रैल) के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत 3 अप्रैल से 9 अप्रैल तक जिलेभर में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, स्कूलों में निबंध प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मो. असलम शेर ने बताया कि यह आयोजन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ एवं प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के निर्देशानुसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों में लेखन क्षमता, विचार शक्ति और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।आज इस अभियान की शुरुआत जिले के कंप्यूटर कॉलेज से की गई, जहां एनएसयूआई जिला अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान के आधार पर एनएसयूआई के प्रतीक चिन्ह वाले मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्य रूप से कृष्ण कांत तिवारी (जिला उपाध्यक्ष), रोहणी श्याम (जिला सचिव), खुशी मोगरे (कॉलेज अध्यक्ष), नावेद अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
