तालाब में नहाने गया मासूम डूबा: दूसरे दिन SDRF ने बरामद किया शव,गांव में पसरा मातम
Junaid Khan - शहडोल। जिले के हरदी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया सात वर्षीय बालक गहरे पानी में डूब गया, जिसका शव दूसरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार हरदी निवासी कक्षा दूसरी का छात्र कपिल बैगा (7) सोमवार दोपहर अपने घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अपने दो दोस्तों के साथ नजदीक स्थित बेलहा तालाब में नहाने चला गया। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घबराए बच्चों ने तुरंत गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सोमवार शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और अंधेरा होने के कारण टीम को सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मंगलवार सुबह एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने बालक का शव तालाब से बाहर निकाल लिया। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ के सात सदस्यीय दल ने अभियान चलाकर शव को बरामद किया। रेस्क्यू ऑपरेशन में टीम के सदस्य पीसी कोमल सिंह, सैनिक मुकेश, चौथमल दांगी, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, शारदा पटेल और धर्मेंद्र वैष्णव शामिल रहे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक मासूम की असमय मौत ने सभी को गमगीन कर दिया है। परिजनों का कहना है कि यदि तालाब के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो शायद यह हादसा टल सकता था।
