बड़े पर्दे पर चमकेगा शहडोल का सितारा,29 मई को रिलीज होगी फिल्म ‘रजनी की बारात’

बच्चों को स्किल डेवलपमेंट की जरूरत,विजय दुबे




Junaid Khan - शहडोल। मनोरंजन जगत में शहडोल जिले के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। बड़े पर्दे पर बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “रजनी की बारात” शुक्रवार 29 मई को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में शहडोल के उभरते कलाकार कनिष्क विजय अपनी अदाकारी की कला रज्जन के रूप में बिखेरतें नजर आएंगे। फिल्म रिलीज से पहले ग्रीन गार्डन होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्साह और भावनाओं का खास माहौल देखने को मिला। पत्रकार वार्ता के दौरान अभिनेता कनिष्क विजय के पिता विजय दुबे ने अपने पुत्र के संघर्ष, समर्पण और अभिनय यात्रा को साझा करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्किल डेवलपमेंट पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कनिष्क को बचपन से ही अभिनय और सिनेमा के प्रति गहरी रुचि थी। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपने अभिनय कौशल को लगातार निखारा और कम उम्र में ही अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण के बाद आज उनका बेटा बड़े पर्दे पर अहम किरदार अदा करने जा रहा है, जो न केवल परिवार बल्कि पूरे शहडोल जिले के लिए गर्व की बात है। विजय दुबे व रिंकी दुबे ने बताया कि यह उपलब्धि उन सभी शुभचिंतकों, मित्रों और सहयोगियों के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है, जिन्होंने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने शहडोलवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शहर के बेटे को आशीर्वाद दें और फिल्म को भरपूर समर्थन प्रदान करें, ताकि क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

फिल्म से जुड़े अहम चेहरे

पत्रकार वार्ता में फिल्म से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी साझा की गई। बताया गया कि फिल्म “रजनी की बारात” का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। वहीं फिल्म के निर्माता तनया अदारकर प्रभु एवं तेज एच. अदारकर हैं। फिल्म में मोहसिन खान एसोसिएट प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, अश्वथ भट्ट, सुनीता राजवार और जरीना वहाब प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में कनिष्क विजय ‘रज्जन’ के किरदार में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करेंगे, जबकि जरीना वहाब ‘दादी’ की भूमिका में दिखाई देंगी।

क्या है ‘रजनी की बारात’ की कहानी

रजनी की बारात” एक हिंदी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी उत्तर भारतीय परिवेश पर आधारित है। फिल्म की शूटिंग बिहार के दरभंगा में की गई है। कहानी रजनी नाम की एक दृढ़ और निश्चयी युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने प्रेमी के अहंकारी और दबंग पुलिस अधिकारी पिता द्वारा उसकी शादी कहीं और तय किए जाने के बाद अपनी किस्मत खुद लिखने का फैसला करती है। वह स्वयं अपनी बारात निकालने का साहसिक कदम उठाती है। फिल्म में कॉमेडी, रोमांस, सामाजिक संदेश और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म को लेकर शहडोल सहित पूरे संभाग में उत्साह का माहौल है और स्थानीय लोग अपने क्षेत्र के कलाकार कनिष्क विजय को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Previous Post Next Post