अफवाहबाजों और अवैध सिंडिकेट पर भड़का प्रशासन CMO के तीखे तेवर, सीधे सेवा समाप्ति का फरमान जारी
Junaid Khan - शहडोल। जनता की गाढ़ी कमाई पर ऐश करने वाले और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए प्रशासनिक आड़ लेने वाले कामचोर कर्मचारियों के खिलाफ आखिरकार बड़ी गाज गिर ही गई है। धनपुरी नगर पालिका परिषद के भीतर लंबे समय से चल रहे 'कामचोरी और अफवाहबाजी के खेल' का भंडाफोड़ होने के बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) पूजा बुनकर ने एक बेहद सख्त, आक्रामक और ऐतिहासिक आदेश जारी किया है। इस कड़े फरमान के बाद नपा की गलियारों में हड़कंप मच गया है और भ्रष्ट मानसिकता वाले कर्मचारियों के पसीने छूट रहे हैं। दरअसल, यह कार्रवाई उस खोजी पत्रकारिता का सीधा असर है जिसने जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। अब नपा प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनता को गुमराह करने वाले और फाइलों को दबाकर अवैध रूप से चांदी काटने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सुधर जाओ... वरना सीधे नौकरी से धोओगे हाथ! विद्युत,जलप्रदाय और राजस्व शाखा के 'शातिर' राडार पर
विद्युत, जलप्रदाय, स्वच्छता और राजस्व जैसी बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण शाखाओं में पदस्थ कुछ शातिर कर्मचारियों ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए जनता और सहकर्मियों के बीच भ्रम का एक खतरनाक जाल बुन रखा था। ये कर्मचारी किसी भी जनहित के काम को न करने का ठीकरा सीधे सीएमओ के सिर फोड़ देते थे और अफवाह फैलाते थे कि 'यह काम करने से स्वयं सीएमओ ने मना किया है।' इस भ्रामक प्रचार से न केवल आम जनता बूंद-बूंद पानी, बिजली और मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही थी, बल्कि नगर पालिका की छवि भी लगातार धूमिल हो रही थी। 14 मई 2026 को जारी इस कड़े आदेश में प्रशासन ने दोटूक शब्दों में कहा है कि यदि भविष्य में किसी भी कर्मचारी द्वारा सीएमओ या प्रशासन के नाम पर कोई भी अफवाह फैलाई गई या गलत जानकारी प्रसारित की गई, तो बिना किसी 'कारण बताओ नोटिस' (Show Cause Notice) के, तत्काल प्रभाव से उसकी सेवा समाप्ति (बरखास्तगी) की कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त संचालक तक पहुंची फाइल,जवाबदेही तय, अब बहानेबाजी का गंदा खेल नहीं चलेगा
प्रशासन को चुनौती देने वाले और भीतरघात करने वाले इन कामचोरों को कड़ा सबक सिखाने के लिए इस आदेश की प्रतिलिपि संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास शहडोल संभाग, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष सहित सभी विभागों को तामील करा दी गई है। साफ है कि अब धनपुरी नगर पालिका में काम के बदले बहानेबाजी और 'अवैध सेटिंग' का गंदा खेल पूरी तरह बंद होगा। सीएमओ ने साफ लफ्जों में कहा है कि सभी कर्मचारी अपने विवेक और पूरी जिम्मेदारी के साथ जनता के कार्य करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं, लेकिन अगर किसी ने भी लापरवाही की या काम रोकने के लिए अफवाह का सहारा लिया, तो वह सीधे घर बैठेगा।
