प्रधान आरक्षक ने रक्तदान कर महिला की बचाई जान
Junaid Khan - शहडोल। मानवीय संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए पुलिस आरक्षक द्वारा रक्तदान कर महिला की जान बचाने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका। शहडोल जिले में मानवता एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पुलिस आरक्षक निखिल श्रीवास्तव द्वारा जिला चिकित्सालय में भर्ती एक गंभीर रूप से बीमार महिला को रक्तदान कर जीवनदान देने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंपा सेन नामक महिला जिला चिकित्सालय शहडोल में भर्ती थी, जिनकी प्लेटलेट्स अत्यंत कम हो जाने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। महिला के स्वजन रक्तदाता की तलाश में काफी परेशान थे तथा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रक्तदान हेतु लोगों से सहायता की अपील की गई थी। इसी दौरान उक्त जानकारी पुलिस आरक्षक निखिल श्रीवास्तव को प्राप्त हुई। मानवता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए आरक्षक निखिल श्रीवास्तव तत्काल जिला ब्लड बैंक पहुंचे तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर महिला के उपचार में सहयोग प्रदान किया। आरक्षक द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य से महिला के स्वजनों ने राहत महसूस की तथा पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा आरक्षक निखिल श्रीवास्तव की इस मानवीय एवं प्रेरणादायक पहल की प्रशंसा करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।
