कलेक्टर की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न,मतदाता सूची के प्रकाशन एवं पुनरीक्षण कार्यों की दी गई जानकारी
Junaid Khan - शहडोल। 18 मई 2026- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकायों के निर्वाचन हेतु 01 जनवरी 2026 की संदर्भ तारीख के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 मई 2026 को संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा विहित स्थानों में मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया 15 मई से प्रारंभ हो गई है जो 25 मई 2026 को अपरान्ह 03 बजे तक चलेगी। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ स्तर अभिकर्ताओं के माध्यम से मतदाता सूची का परीक्षण कर आवश्यक दावे एवं आपत्तियां निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करें। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त दावे आपत्तियों का निराकरण 30 मई 2026 को किया जाएगा। फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जून 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को नगरीय निकायों की मतदाता सूची का सेट उपलब्ध कराया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि श्री विष्णुप्रताप सिंह, शेख अरफाना बेगम तथा विनोद यादव, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री संजय खरे तथा जीके पाण्डेय उपस्थित रहे।
