रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर की गई कार्यवाही
Junaid Khan - शहडोल। 27 मई 2026 कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने ब्यौहारी एवं सोहागपुर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को खनिज विभाग द्वारा ग्राम मटोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। टीम ने मौके से लगभग 200 घनफीट रेत जब्त कर वाहन को अभिरक्षा में लिया। इसके बाद 27 मई 2026 की देर रात लगभग 2 बजे तहसील सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पिपरिया में रेत से भरा एक मेटाडोर वाहन पकड़ा गया। वाहन क्रमांक MP19GA4357 अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाया गया, जिसे विभागीय टीम ने तत्काल जब्त कर लिया। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्त नजर है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
