मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कैंप का किया गया आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। 17 मई 2026- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय शहडोल द्वारा आरसेटी परिसर, कल्याणपुर शहडोल में मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र को प्रोत्साहन देना तथा स्थानीय उद्यमियों को सरल एवं त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री के. एस. सोलंकी, क्षेत्रीय प्रमुख श्री महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, मुख्य प्रबंधक श्री आर. के. मिश्रा एवं अग्रणी जिला प्रबंधक (स्क्ड) श्री अमित चौरसिया भी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय प्रमुख श्री महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं रोजगार उन्मुख कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि जिले में उद्योग, व्यापार एवं स्वरोजगार को नई गति मिल सके। कार्यक्रम में एमएसएमई क्षेत्र के विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी गई। कैंप के दौरान विभिन्न उद्यमियों एवं व्यवसायियों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लिया गया। एमएसएमई कैंप में 44 उद्यमी की लीड जनरेट की गई तथा लगभग ₹33.53 करोड़ के ऋण की स्वीकृति प्रदान की गई। बैंक अधिकारियों द्वारा ग्राहकों को सीजीटीएमएसई, मुद्रा योजना, टर्म लोन एवं अन्य एमएसएमई योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। एमएसएमई कैंप के द्वारा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी ग्राहको को प्रदान की गई तथा ऋण प्रस्ताव प्राप्त किए गए।
