पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में कर्मकांड डिप्लोमा की प्रायोगिक परीक्षा सम्पन्न

पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में कर्मकांड डिप्लोमा की प्रायोगिक परीक्षा सम्पन्न 


Junaid Khan - शहडोल। 31 मई 2026- पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल में कर्मकांड डिप्लोमा पाठ्यक्रम की प्रायोगिक परीक्षा का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा वैदिक परंपरा के अनुरूप रुद्राभिषेक एवं रुद्री का सामूहिक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. रामशंकर, कुल सचिव प्रो. आशीष तिवारी, विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद शर्मा तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद पाण्डेय ने विधिवत भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. रामशंकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में कर्मकांड केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी वैदिक परंपराओं, शास्त्रीय ज्ञान और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित कर्मकांड डिप्लोमा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल परीक्षा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का प्रेरणादायी उदाहरण है। कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र किशोर भटनागर, डॉ. बृजेन्द्र पांडे, वित्त अधिकारी राम मिलन सिंह, अरुण उपाध्याय, डॉ. सागर पांडे, जय प्रकाश जी शास्त्री, सीताराम पाण्डेय, डॉ. दिलीप तिवारी सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं कर्मकांड डिप्लोमा के 27 विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post