भीषण गर्मी के बीच बाजारों में उतरी ‘शाही मिठास,शहडोलवासियों को लुभा रही रसीली लीची

भीषण गर्मी के बीच बाजारों में उतरी ‘शाही मिठास,शहडोलवासियों को लुभा रही रसीली लीची


Junaid Khan - शहडोल। मई के महीने में सूरज के तीखे तेवर और भीषण गर्मी से जहां आम जनजीवन बेहाल है, वहीं इस चिलचिलाती धूप के बीच बाजारों में आई लाल-रसीली लीची लोगों को बड़ी राहत और सुकून दे रही है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों तक में फलों के ठेलों पर सजी लाल लीची ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है, जिससे फल बाजार की रौनक अचानक बढ़ गई है।

ठेलों पर लौटी रौनक,मांग में भारी उछाल

गर्मी का पारा बढ़ने के साथ ही बाजार में तरबूज और खरबूज के बाद अब लीची की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। फल विक्रेताओं का कहना है कि इस सीजन में लीची की आवक शुरू होते ही लोग इसे हाथों-हाथ खरीद रहे हैं। चिलचिलाती धूप में काम से निकले लोग और गृहणियां इस मौसमी फल को जमकर पसंद कर रहे हैं। इसकी मिठास और रसीलापन न सिर्फ स्वाद बढ़ा रहा है, बल्कि लोगों को अंदरूनी ताजगी भी दे रहा है। 

सेहत के लिए भी है वरदान

डॉक्टरों के मुताबिक, लीची में भरपूर मात्रा में पानी, विटामिन सी, पोटैशियम और नेचुरल शुगर होती है, जो गर्मी के दिनों में शरीर को डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) से बचाती है। यही वजह है कि लोग स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी इसे अपने डाइट चार्ट में शामिल कर रहे हैं।

फिलहाल, शहडोल के फल बाजारों में लीची की आवक बढ़ने से इसकी बिक्री जोरों पर है। हालांकि शुरुआती सीजन होने के कारण दामों में थोड़ी तेजी जरूर है, लेकिन इसके बावजूद लीची की मिठास के आगे लोग कीमत की परवाह किए बिना इसकी जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

Previous Post Next Post