शहडोल नगर पालिका में 4 वर्ष से भारी भ्रष्टाचार,भंग करने की प्रदेश शासन से मांग-कैलाश तिवारी
Junaid Khan - शहडोल। भारतीय जनता पार्टी जिले के वरिष्ठ नेता सादा अमरकंटक तथा नगर पालिका शहडोल बतौर सलाहकार समिति के अध्यक्ष रह चुके कैलाश तिवारी ने शहडोल नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार को दृष्टिगत रखते हुए कहा है कि विगत 4 वर्षों से जब से कांग्रेस शासित नगर पालिका बनी है तब से गड़बड़ियों भ्रष्टाचार की बाढ़ सी आ गई है। आम आदमी कोई नहीं न कोई समस्या कोई लेकर परेशान है। नगर पालिका प्रशासन हमेशा समस्याओं के प्रति यह कहकर पल्ला झाड़ लेता है कि इस मामले को दिखाया जाएगा, कहा जाएगा, सुधार किया जाएगा, लेकिन धरातल में और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष अपने कर्तव्य एवं दायित्वों का पालन नहीं कर रहे हैं। जिसके कारण नगर पालिका दिशा विहीन हो गई है। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष को तत्काल हटाया जाए तथा उनके कार्यकाल की संपूर्ण जांच की जाए। विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन में शहडोल नगर पालिका की जमुया कचरा साइड में हुए भ्रष्टाचार की जांच। नए बस स्टैंड के निर्माण का काम टेंडर खुलने के पांच माह बाद प्रारंभ ना होना ,इस बीच 15 करोड रुपए की नई डीपीआर सामने आ जाना। मानस भवन के लिए अलग-अलग नाम से टेंडर निकालना। जयस्तम से लेकर सोहागपुर मार्केट तक सीसी रोड निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच। नगर पालिका में एक बार एस्टीमेट बनाकर फिर रिवाइज करने का खेल इन सब चीजों की विशेष जांच की जाना चाहिए। कैलाश तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को आरोप पत्र प्रेषित करते हुए संपूर्ण भ्रष्टाचार की विशेष जानकारी देते हुए कहा है कि इन सब मामलों की जांच भोपाल से विशेष टीम भेज कर करवाई जाना चाहिए, अथवा संपूर्ण मामले की जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान शाखा को सौंप देनी चाहिए। तभी यहां का भ्रष्टाचार रुक सकेगा। आम जनता त्रस्त हो चुकी है। नया बस स्टैंड कोटमा में अभी बना शुरू नहीं हुआ है, लेकिन भ्रष्टाचार की खबरें आना शुरू हो गई हैं, जिला खनिज मद की राशि सर्वाधिक भ्रष्टाचार में शामिल है। कैलाश तिवारी ने दावा किया है कि कोई भी ऐसा काम नहीं है यहां पर भ्रष्टाचार शामिल ना रहा हो। नगर पालिका का प्रशासनिक अमला केवल वसूली में लगा हुआ है। उसे आम जनता के जनहित से कोई मतलब नहीं है। नालियां वर्षों से साफ नहीं हुई है। इससे नाली एवं नालों में झाड़ झंकार तक लग गए हैं। नगर के मॉडल रोड के फुटपाथ की ऐसी दुर्दशा हो गई है, कि जिस ने चाहा अपने मन से आने जाने का रास्ता बना लिया और नगर पालिका ऐसी बनी रही कि मानो कुछ हो ही नहीं रहा हो। हाउसिंग बोर्ड के सामने नाला और रोड का मामला तो आम जनता को जग जाहिर है। उसमें कितने बार तरह-तरह के प्रयोग किए गए लेकिन विगत 2 वर्षों से लगातार पानी भर रहा है। क्षेत्र वासियों को कोई राहत नहीं मिल पा रही है। कैलाश तिवारी ने कहा है कि नगर पालिका क्षेत्र में आम जनता को हो रही परेशानी पर आम जनता भाजपा की सरकार समझती है। भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष श्री शक्ति लश्कर अनेक बार भ्रष्टाचार को सामने ला चुके हैं लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाही आज तक नहीं की गई है। जबकि वस्तु स्थिति में नगर पालिका शहडोल में कांग्रेस शासित नगर पालिका में यह सब कृत्य हो रहा है। ऐसे में प्रदेश शासन को तत्काल कार्रवाई करना चाहिए।
