सेवा,समर्पण और सामाजिक सरोकारों का उत्सव बना सम्मान समारोह
Junaid Khan - शहडोल। बुढ़ार समाज सेवा, जनजागरण और मानवीय मूल्यों के संवर्धन को समर्पित एक गरिमामयी सम्मान समारोह में माननीय जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने समाजसेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनके कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। होटल राजवाड़ा में आयोजित इस समारोह ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की एक प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की। समारोह के दौरान सेठिया सेवा संस्थान के संयोजक सत्य प्रकाश सेठिया "राजू सेठिया" को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का जो कार्य राजू जी ने सेवा संस्थान के माध्यम से प्रारंभ किया है, वह अनुकरणीय है। चिकित्सा, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनका निःस्वार्थ योगदान सेवा की जीवंत परिभाषा बन चुका है।
इस अवसर पर राजू सेठिया ने पीड़ित मानवता की सेवा को आत्मसात करते हुए बताया कि बहुत जल्द वे सभी के मोरल सपोर्ट से निःशुल्क कोचिंग के के जरिए शिक्षा के क्षेत्र में भी सेवा कार्य प्रारंभ करने की योजना बना रहे हैं। इस अवसर पर अब तक 65 बार रक्तदान करने वाले महादानी रवि गुप्ता को भी सम्मानित कर समाज में रक्तदान की जन जागरूकता प्रसारित की गई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए एक पेड़ गोद लेने का संकल्प लिया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार मोहन नामदेव, युवा पत्रकार आशीष नामदेव तथा कर्मठ पत्रकार गंगाधर चौधरी को पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि पत्रकार ही समाज के सजग प्रहरी होते हैं,जो अपनी उत्कृष्ट लेखनी से समाज को समस्या व समाधान सुझाते हैं।
उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार श्री मोहन नामदेव को पत्रकारिता का स्तंभ बताते हुए उनके अनुभवों को भावीपीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बताया। वहीं श्री आशीष नामदेव को जनसरोकारों की सशक्त आवाज तथा श्री गंगाधर चौधरी को जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले समर्पित पत्रकार के रूप में सराहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने समाज सेवा, न्याय सुलभता एवं सामाजिक समरसता के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। सभी ने मिलकर एक स्वर में कहा कि जब समाज के जागरूक नागरिक, समाजसेवी और पत्रकार एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब विकास और जनकल्याण की नई राहें प्रशस्त होती हैं। समारोह में श्री प्रवीण जैन "बीनू", राकेश गुप्ता, विजय ताम्रकार, रवि गुप्ता, हारुन अंसारी एडवोकेट, पवन सोनी, अनिल गुप्ता,प्रतीक गुप्ता, विजय खरे,राजकुमार गुप्ता, गिलीन अहमद,बच्चू गुप्ता, अमित सोनी एवं श्रीकृष्ण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का वातावरण सम्मान, आत्मीयता और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना से ओतप्रोत रहा तथा उपस्थित जनसमूह ने सम्मानित व्यक्तित्वों के कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
