अस्पताल में ढांढस,दुकानदारों को आश्वासन,सियासत और संवेदना के साथ विकास की नई इबारत

अध्यक्ष और सीएमओ ने निभाई नैतिक जिम्मेदारी,पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ व्यापार को भी सुरक्षित रखने का दिया बड़ा भरोसा 


Junaid Khan - शहडोल। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सजगता उस समय धरातल पर साफ नजर आई, जब नगरपालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल और नगरपालिका सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर ने स्वयं आगे बढ़कर सामाजिक और प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक बड़ी मिसाल पेश की। विगत दिनों घटित घटना के बाद, आज दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर इलाजरत भाई सीताराम गुप्ता और रवि के स्वास्थ्य की सुध ली। चिकित्सकों से विस्तृत चर्चा के बाद यह सुखद समाचार सामने आया कि दोनों की सेहत में काफी सुधार है और सीताराम की सीटी स्कैन रिपोर्ट भी पूरी तरह नॉर्मल आई है। इस दौरान प्रशासनिक अमले ने न केवल डॉक्टरों से बेहतर उपचार को लेकर विमर्श किया, बल्कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद के लिए मुस्तैदी दिखाई। परिवार ने जब अपनी मर्जी से किसी निजी चिकित्सालय में और बेहतर चेकअप कराने की इच्छा जाहिर की, तो उनके इस निर्णय का पूरा सम्मान करते हुए अध्यक्ष और सीएमओ द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल नगद आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। इस पूरे घटनाक्रम में नगरपालिका की यह पहल स्थानीय प्रशासन के लिए एक बड़ी और सकारात्मक चुनौती के रूप में उभरी है, जहां उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि नगर का हर नागरिक और छोटे-मोटे दुकानदार उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर हैं। अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल और सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर के इस सराहनीय कदम की चौतरफा तारीफ हो रही है, क्योंकि उन्होंने दोटूक शब्दों में भरोसा दिलाया है कि शहर के विकास के साथ-साथ गरीब और मध्यमवर्गीय व्यापारियों की रोजी-रोटी पर आंच नहीं आने दी जाएगी। प्रभावित दुकानदारों के लिए नगरपालिका परिषद जल्द ही एक विधिवत और सुव्यवस्थित नीति बनाकर उनके पुनर्वास व रोजगार की दिशा में काम करेगी। नगर की जनता और व्यापारी वर्ग की शालीनता की सराहना करते हुए नेतृत्व ने साफ किया कि आने वाले समय में शहर के सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ व्यवस्था और चहुंमुखी विकास में जन-सहभागिता इसी तरह बनी रहेगी। संपूर्ण नगरपालिका परिषद ने इस सहयोग के लिए आम आवाम का साधुवाद व्यक्त करते हुए संकल्प लिया है कि शहर और अवाम की बेहतरी के लिए यह रचनात्मक और संवेदनशील प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Previous Post Next Post