धनपुरी की माटी के सपूत को मिला नागरिक अभिनंदन, शब्दों में छलका नगर का गौरव और आत्मीय सम्मान
Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी संस्कार, सभ्यता और प्रतिभा की उर्वरा भूमि धनपुरी ने एक बार फिर अपने उस सपूत का अभिनंदन किया, जिसने न्याय, नैतिकता और मानवीय मूल्यों की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। नगर पत्रकार परिषद कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान को “नगर गौरव सम्मान” से अलंकृत किया गया। यह अवसर केवल एक सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि धनपुरी की उस गौरवशाली परंपरा का उत्सव था, जो अपनी माटी से जन्मे प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को हृदय से सहेजना जानती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर के वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुई। समारोह में पत्रकार, अधिवक्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि तथा नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरा वातावरण आत्मीयता, गर्व और सांस्कृतिक गरिमा से ओतप्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्पेशल ब्लास्ट कंपनी के डायरेक्टर राजीव सिंह ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि माननीय जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान केवल एक नाम नहीं, बल्कि धनपुरी की मिट्टी की वह अनुपम धरोहर हैं, जिन पर पूरे नगर को गर्व है। न्यायपालिका जैसे गंभीर और गरिमामयी क्षेत्र में अपनी विद्वता, सादगी और निष्पक्षता से उन्होंने जो प्रतिष्ठा अर्जित की है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। धनपुरी की माटी सदैव से प्रतिभाओं को जन्म देती रही है, और हिदायत उल्ला खान साहब उसी परंपरा के चमकते हुए नक्षत्र हैं। ऐसे अनमोल रत्न समाज की धरोहर होते हैं, जिन्हें सम्मान और स्नेह से संजोकर रखना हम सबका दायित्व है।
इसके पश्चात नगर के वरिष्ठ पत्रकार सनत शर्मा ने अत्यंत भावपूर्ण शब्दों में कहा
ईद मिलन की खुशियां और पत्रकारिता दिवस की गरिमा के बीच यह आयोजन अपने आप में विशेष बन गया है। हमारे बीच उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है, किंतु जब बात नगर गौरव की आती है तो हिदायत उल्ला खान साहब का नाम सर्वप्रथम स्मरण होता है। धनपुरी की माटी में वह तासीर है, जो प्रतिभाओं को केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व पटल तक पहुंचाने का सामर्थ्य रखती है। खान साहब ने अपनी मेहनत, विनम्रता और नैतिक मूल्यों से यह सिद्ध किया है कि छोटे नगरों की प्रतिभाएं भी बड़े मुकाम हासिल कर सकती हैं। समारोह में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुबारक मास्टर ने अपने उद्बोधन में कहा आज का यह सम्मान केवल हिदायत उल्ला खान साहब का नहीं, बल्कि पूरे धनपुरी नगर की प्रतिष्ठा का सम्मान है। उन्होंने न्यायपालिका में रहते हुए जिस निष्पक्षता, संवेदनशीलता और ईमानदारी का परिचय दिया है, वह समाज के लिए अनुकरणीय है। नगर के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और संस्कारों के बल पर किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। ऐसे व्यक्तित्व किसी शहर की पहचान बन जाते हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता जयकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा,न्याय केवल कानून की व्याख्या नहीं होता, बल्कि वह समाज की आत्मा की रक्षा का माध्यम होता है। हिदायत उल्ला खान साहब ने अपने कार्यकाल में न्याय को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ा है। उनकी विद्वता, शालीनता और न्यायिक दृष्टिकोण उन्हें विशिष्ट बनाते हैं। हम सबके लिए यह गर्व का विषय है कि धनपुरी जैसे नगर ने ऐसा व्यक्तित्व देश को दिया है। सीनियर अधिवक्ता रवीन्द्र तिवारी ने कहा,किसी भी न्यायाधीश की सबसे बड़ी पूंजी उसकी निष्पक्षता और जनविश्वास होता है। खान साहब ने दोनों को पूरी गरिमा के साथ निभाया है। उनका जीवन संघर्ष, अध्ययन और सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक राय ने कहा कि,धनपुरी की धरती हमेशा से संस्कारों और प्रतिभाओं की जननी रही है। हिदायत उल्ला खान साहब ने अपने व्यक्तित्व से यह सिद्ध किया है कि सच्ची सफलता वही है, जिसमें विनम्रता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व बना रहे। अधिवक्ता मनोज गौतम ने कहा,आज के दौर में जब नैतिक मूल्यों का क्षरण देखने को मिलता है, ऐसे समय में खान साहब जैसे व्यक्तित्व न्याय और ईमानदारी की जीवंत मिसाल हैं। उनका सम्मान वास्तव में न्याय व्यवस्था का सम्मान है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार
शमीम खान ने कहा कि
पत्रकारिता और न्यायपालिका दोनों ही समाज के लोकतांत्रिक स्तंभ हैं। हिदायत उल्ला खान साहब ने जिस निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, वह युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला है। समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान का अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह को और अधिक गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र तिवारी, आलोक राय, जयकांत मिश्रा, मनोज गौतम, इस्लाम मोहम्मद, विनोद शर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुबारक मास्टर, वरिष्ठ पत्रकार शमीम खान, ब्रजवासी अग्रवाल, डॉ. विजय सिंह, मुरलीधर त्रिपाठी, मोहम्मद आज़ाद, शफीक खान, सुजीत जैन, राजू अग्रवाल, अतीक खान,मोहम्मद नदीम, असलम खान, मोहम्मद इस्माईल, शेख इम्तियाज़,सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरा वातावरण इस भाव से सराबोर दिखाई दिया कि धनपुरी की यह धरती केवल लोगों को जन्म नहीं देती, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व गढ़ती है जो अपने कर्मों से नगर, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करते हैं।एस कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार परिषद अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार शमीम खान व उनके सहयोगियों ने किया।
