चोरों के आगे नतमस्तक खाकी,दिनदहाड़े 02 लाख पार, जिलेभर में ताले टूटे

चौपाटी पर वारदात से पुलिस गश्त की खुली पोल, देवलोंद, गोहपारू और धनपुरी में भी सूने मकानों पर डाका


Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है और बेखौफ अपराधियों का राज कायम हो चुका है। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली, नाममात्र की गश्त और प्रशासनिक नाकामी का सीधा फायदा उठाकर शातिर चोरों ने शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तांडव मचा रखा है। पुलिस का खौफ अपराधियों के सिर से इस कदर उड़ चुका है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के बेहद व्यस्त और चहल-पहल वाले चौपाटी के सामने बदमाशों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला। रीवा रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने रहने वाले सुनील श्रीवास्तव बैंक से 02 लाख रुपए की मोटी रकम निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर घर लौट रहे थे। दोपहर बाद करीब 04 बजे वे चौपाटी के पास कुछ सामान खरीदने के लिए रुके और बाइक खड़ी कर दी। महज कुछ ही मिनटों में घात लगाए बैठे शातिर चोरों ने बाइक की डिग्गी का ताला तोड़कर पूरी नकदी पार कर दी। जब सुनील वापस लौटे तो खुली डिग्गी और गायब रकम देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस हमेशा की तरह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर 'जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने' के घिसे-पिटे रटंत ढर्रे पर जुट गई है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश बैंक से ही पीड़ित की गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए। पुलिसिया गश्त और मुस्तैदी का ढोल पीटने वाले अफसरों के दावों की धज्जियां सिर्फ शहर में ही नहीं, बल्कि जिले भर में उड़ रही हैं। देवलोंद, गोहपारू और धनपुरी थाना क्षेत्रों में भी चोरों ने बंद और सूने मकानों को निशाना बनाकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। देवलोंद थाना क्षेत्र के बकेली कॉलोनी निवासी रामावतार साकेत (31) के घर में 22 से 24 जुलाई के बीच चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाते हुए धावा बोला और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेत करीब 30 हजार रुपए का माल साफ कर दिया। वहीं, गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम पटोरी निवासी विजय सिंह मरावी (58) के घर का ताला तोड़कर चोर एक जोड़ी चांदी की पायल, 1500 रुपए नकद और मोबाइल फोन सहित 25 हजार रुपए का सामान बटोर ले गए। तीसरी वारदात धनपुरी थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां इलमा परवीन (19) के बंद मकान का ताला चटकाकर अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इन सभी मामलों में पुलिस अब लकीर पीटने के अंदाज में प्रकरण दर्ज कर खानापूर्ति में जुटी है। दिनदहाड़े और सिलसिलेवार हो रही इन चोरियों ने यह साफ कर दिया है कि जिले में आम जनता की गाढ़ी कमाई और आशियाने कतई सुरक्षित नहीं हैं, जबकि पुलिस प्रशासन सिर्फ कागजी मुस्तैदी दिखाने तक सीमित रह गया है।

Previous Post Next Post