गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा में गूंजे संस्कृत श्लोक,10 विद्यार्थियों को मिली साइकिल

शासकीय उत्कृष्ट उमावि रघुराज क्रमांक-2 में हुआ आयोजन, शिक्षा और संस्कारों का दिया संदेश



Junaid Khan - शहडोल। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुराज क्रमांक-2, शहडोल में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत संस्कृत श्लोक वाचन, भजन एवं कक्षा 9 के 10 पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.के. मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग समिति के नामित सदस्य इंजी. संतोष लोहानी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संस्कृत शिक्षक श्री अमित तिवारी एवं श्री विष्णुकांत द्विवेदी ने विद्यार्थियों से संस्कृत श्लोकों का वाचन कराया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मुख्य अतिथि इंजी. संतोष लोहानी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। साइकिल, स्कूटी, लैपटॉप सहित विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का भरपूर लाभ उठाकर मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने परिवार, विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य श्री पी.के. मिश्रा ने विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, अनुशासन, समर्पण एवं भारतीय संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कक्षा 9 के विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समयपालन और कठिन परिश्रम के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ शिक्षक श्री अख्तर हुसैन ने प्राचार्य श्री पी.के. मिश्रा एवं मुख्य अतिथि इंजी. संतोष लोहानी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर श्री कृष्ण सैनी, श्री राजेंद्र गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post