सेफ क्लिक 2.0" साइबर सुरक्षा को लेकर बाजारों में उतरी शहडोल पुलिस,व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं हाट-बाजारों में पुलिस ने चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान

सेफ क्लिक 2.0" साइबर सुरक्षा को लेकर बाजारों में उतरी शहडोल पुलिस,व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं हाट-बाजारों में पुलिस ने चलाया व्यापक साइबर जागरूकता अभियान


Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आज अभियान के नवें दिवस पर शहडोल पुलिस द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, मंडियों, हाट-बाजारों एवं विभिन्न दुकानों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराकर साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना रहा। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापारियों एवं नागरिकों को QR कोड फ्रॉड, फर्जी ऑनलाइन भुगतान, UPI धोखाधड़ी, फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट, भुगतान प्राप्त करने के नाम पर QR कोड स्कैन कराने जैसी साइबर ठगी की घटनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बताया गया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को भ्रमित कर बैंक खातों से राशि निकालने का प्रयास करते हैं, इसलिए प्रत्येक ऑनलाइन लेन-देन की पुष्टि अपने बैंक खाते अथवा अधिकृत UPI एप्लीकेशन में प्राप्त ट्रांजेक्शन देखकर ही करें। व्यापारियों को सलाह दी गई कि किसी ग्राहक द्वारा केवल मोबाइल पर दिखाए गए भुगतान के स्क्रीनशॉट अथवा एस.एम.एस. के आधार पर सामान न दें, बल्कि अपने बैंक खाते में राशि प्राप्त होने की पुष्टि अवश्य करें। आमजन को यह भी बताया गया कि किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें तथा बैंक खाता, OTP, CVV, UPI PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। शहडोल पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर शीघ्र शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक क्षति को रोका जा सके।

Previous Post Next Post