नमस्ते दिवस' के अवसर पर 31 स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा किट वितरित, सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नमस्ते दिवस' के अवसर पर 31 स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा किट वितरित, सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित 



Junaid Khan - शहडोल। दिनांक : 14 जुलाई 2026 नगर पालिका परिषद, शहडोल द्वारा आज 'नमस्ते दिवस (NAMASTE Day)' के अवसर पर भारत सरकार के NAMASTE (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) अभियान के अंतर्गत नगर पालिका सभागार में स्वच्छता मित्रों के सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमापूर्ण कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में स्वच्छता कार्य से जुड़े 31 स्वच्छता मित्रों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें सुरक्षा किट (Safety Kit) वितरित की गई। सुरक्षा किट का वितरण नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर, पार्षद श्रीमती सुगंधिता सराफ एवं अन्य पार्षदगण के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके समर्पण, परिश्रम एवं सेवा भावना से ही शहडोल स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक गरिमा सुनिश्चित करना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उनके हितों की रक्षा एवं कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि NAMASTE अभियान का उद्देश्य स्वच्छता मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, सीवर एवं सेप्टिक टैंक की यांत्रिक सफाई को बढ़ावा देना तथा मैनुअल स्कैवेंजिंग का पूर्ण उन्मूलन करना है। उन्होंने सभी स्वच्छता कर्मियों से सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, व्यक्तिगत सुरक्षा (PPE) के महत्व, कार्यस्थल पर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर श्री प्रभात पांडे, श्री संजीव प्रताप सिंह, श्री संजू पटेल, श्री विनय केवट सहित नगर पालिका के श्री मोतीलाल सिंह, श्री अनिल महोबिया, श्री पुनीत त्रिपाठी एवं श्री सत्यकाम मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता मित्रों के सम्मान, उनकी सुरक्षा एवं गरिमा सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहडोल के निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post