रक्तदान करेंगे,जीवन बचाएंगे के संकल्प के साथ जिला चिकित्सालय शहडोल में आयोजित हुआ सेवा का अभियान
Junaid Khan - शहडोल। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (IFWJ) मध्य प्रदेश की शहडोल जिला इकाई द्वारा मंगलवार को जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में पत्रकारों, समाजसेवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानवता की सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। वहीं दिशा वेलफेयर सोसाइटी की रूपाली जैन ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिविर का नेतृत्व भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (IFWJ) शहडोल जिला इकाई के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान अरविंद द्विवेदी, अनिल द्विवेदी, अखिलेश मिश्रा, राजेंद्र त्रिपाठी, अजय पाल, राजीव सिंह, अजय केवट, गणेश केवट, सोनू खान, जितेंद्र विश्वकर्मा, संजय सिंह, बालेंद्र द्विवेदी, गोपाल जेठानी, निहारिका सिंह, जहानवी सिंह, सुनील द्विवेदी, श्याम दास मानिकपुरी, सत्येंद्र सोनी, संतोष गुप्ता, इस्लाम खान, छोटे गुप्ता, अमर श्रीवास्तव, सादिक खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि "रक्तदान करेंगे, जीवन बचाएंगे" केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उपस्थित सभी लोगों ने समय-समय पर रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।


