कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान,अनूपपुर थाना प्रभारी अरविंद जैन बने डीएसपी, एसपी विक्रांत मुराब ने लगाए पदोन्नति के स्टार

कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान,अनूपपुर थाना प्रभारी अरविंद जैन बने डीएसपी, एसपी विक्रांत मुराब ने लगाए पदोन्नति के स्टार 


Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जन-सरोकार की पुलिसिंग को धरातल पर उतारने वाले जांबाज पुलिस अधिकारियों की हौसलाअफजाई से महकमे का गौरव बढ़ा है। इसी कड़ी में, अनूपपुर कोतवाली के थाना प्रभारी श्री अरविंद जैन की उत्कृष्ट कार्यशैली और बेदाग सेवाकाल को सराहते हुए शासन द्वारा उन्हें पुलिस उपअधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस गौरवमयी उपलब्धि पर अनूपपुर पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने नव-पदोन्नत डीएसपी श्री अरविंद जैन के कंधों पर पदोन्नति के स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। एसपी श्री मुराब द्वारा किया गया यह गरिमामयी सम्मान न केवल एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की मेहनत का प्रतिफल है, बल्कि यह समूचे पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और टीम भावना को भी दर्शाता है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने अधीनस्थों को इस तरह प्रेरित करना यह साबित करता है कि जिले में निष्पक्ष और मुस्तैद प्रशासनिक व्यवस्था पूरी ताकत से काम कर रही है। डीएसपी पद पर पदोन्नत होने के बाद श्री अरविंद जैन को बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। पुलिस विभाग के सहकर्मियों सहित प्रबुद्ध नागरिकों ने इस पदोन्नति पर हर्ष व्यक्त किया है। जानकारों का कहना है कि श्री जैन ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून और व्यवस्था को बनाए रखने में हमेशा सूझबूझ का परिचय दिया है, और अब डीएसपी के रूप में उनकी नई भूमिका से कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब के कुशल नेतृत्व में जिस तरह से जिले की कानून व्यवस्था अपराधियों पर नकेल कस रही है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को समय पर मान-सम्मान मिल रहा है, वह वास्तव में सराहनीय है। प्रशासन का यह कदम मैदानी स्तर पर मुस्तैदी से डटे अन्य पुलिसकर्मियों में भी नई ऊर्जा और दोहरे उत्साह का संचार करेगा, जिससे आने वाले समय में जनता और पुलिस के बीच का विश्वास और अधिक प्रगाढ़ होगा।

Previous Post Next Post