अधिवक्ता संघ की अनूठी पहल,न्याय के प्रहरियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण,न्यायाधीशों व पुलिस प्रशासन ने बढ़ाया डॉक्टरों का हौसला

न्यायालय परिसर में श्रीराम अस्पताल के सहयोग से लगा वृहद चिकित्सा शिविर,जिला सत्र न्यायाधीश, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग ने आयोजन को सराहा, कहा—स्वस्थ समाज से ही सुलभ न्याय संभव 


Junaid Khan - शहडोल। न्याय के मंदिर में आमजन को त्वरित व सुलभ न्याय दिलाने में दिन-रात जुटे रहने वाले न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की सेहत की फिक्र करते हुए आज जिला सत्र न्यायालय परिसर में एक बेहद अनुकरणीय व वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री राकेश सिंह बघेल के कुशल मार्गदर्शन एवं श्रीराम अस्पताल के संचालक विजय दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने न्यायालय के माननीय न्यायाधीशों सहित सैकड़ों अधिवक्ताओं का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। दोपहर 12:30 बजे शुरू हुए इस पुनीत कार्य में तब ऊर्जा का संचार हो गया, जब स्वयं जिला सत्र न्यायालय के मुखिया (माननीय जिला जज) ने कार्यक्रम में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। न्यायालय के सर्वोच्च प्रशासनिक प्रमुख को अपने बीच पाकर न केवल डॉक्टरों की टीम का मनोबल बढ़ा, बल्कि अधिवक्ताओं में भी अपनी सेहत के प्रति एक नई जागरूकता देखने को मिली। इस दौरान श्रीराम हॉस्पिटल के संचालक विजय दुबे ने अपनी पूरी मेडिकल टीम के साथ खुद मोर्चा संभाले रखा, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस पूरे आयोजन की सबसे बड़ी खूबसूरती जिला सत्र न्यायालय, स्थानीय पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच का अभूतपूर्व समन्वय रहा। जहां एक ओर न्यायिक जगत के प्रहरियों के मानसिक व शारीरिक तनाव को दूर करने के लिए अधिवक्ता संघ ने यह ठोस कदम उठाया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय पुलिस प्रशासन व जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस जनहितैषी कार्य की पीठ थपथपाई। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था और न्याय प्रक्रिया को सुचारू रखने वाले इन स्तंभों का स्वस्थ रहना पूरे समाज के हित में है। पुलिस और प्रशासन के इस सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैये ने कार्यक्रम की गरिमा को दोगुना कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ न्यायाधीशों और अधिवक्ता अध्यक्ष श्री राकेश सिंह बघेल ने श्रीराम अस्पताल की पूरी टीम, डॉक्टरों, प्रशासनिक सहयोगियों और मुस्तैद पुलिस महकमे का आभार व्यक्त किया, जिनके सांझा प्रयासों से न्याय और स्वास्थ्य का यह अनूठा संगम पूरी तरह सफल रहा।

Previous Post Next Post