कट्टा लहराते बदमाश का वीडियो वायरल,बेखौफ अपराधी दे रहे खाकी को चुनौती

सोहागपुर पुलिस की सुस्ती पर उठे सवाल,पुरानी रंजिश में कंचनपुर में खूनी खेल की साजिश, पीड़ित के घर चढ़कर दी जान से मारने की धमकी, वीडियो सामने आने के बाद भी आरोपी गिरफ्त से दूर


Junaid Khan - शहडोल। संभाग मुख्यालय से सटे सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कंचनपुर में सरेआम अवैध कट्टा लहराकर दहशत फैलाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्रीय पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। जानकारी के मुताबिक, गांव के ही एक रसूखदार और बेखौफ बदमाश बूटी केवट ने पुरानी रंजिश को लेकर पीड़ित कृष्ण कुमार पाल के घर पर धावा बोल दिया। आरोपी सिर्फ घर पर ही नहीं चढ़ा, बल्कि हाथ में अवैध कट्टा लहराते हुए पीड़ित और उसके परिवार को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और सरेआम जान से मारने की धमकी देकर इलाके में सनसनी फैला दी। इस पूरी खूनी साजिश और गुंडागर्दी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर कट्टा ताने हुए नजर आ रहा है। घटना के वक्त मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने जब देखा कि मामला हाथ से निकल रहा है और कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, तब उन्होंने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामले को शांत कराया। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि सूचना मिलते ही जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आदतन अपराधी पुलिस को ठेंगा दिखाकर आसानी से फरार होने में कामयाब हो गया।

वीडियो गवाही दे रहा,फिर भी खाकी के हाथ खाली,क्या किसी बड़ी वारदात का इंतजार कर रहा प्रशासन? 

इस पूरे घटनाक्रम ने सोहागपुर थाना पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा कर दिया है। पीड़ित कृष्ण कुमार पाल की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश का पारंपरिक राग भी अलाप रही है, लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर खुलेआम कट्टा लेकर घूमने वाले इन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? क्या स्थानीय पुलिस का खौफ बदमाशों के जेहन से पूरी तरह खत्म हो चुका है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो साफ तौर पर पुलिसिया इकबाल को सीधी चुनौती दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी का अब तक कानून की गिरफ्त से बाहर होना प्रशासनिक लापरवाही और सुस्ती की जीती-जागती मिसाल है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है कि यदि समय रहते पुलिस ने इस कट्टाधारी गुंडे पर शिकंजा नहीं कसा, तो कंचनपुर में कभी भी कोई बड़ी और आत्मघाती खूनी वारदात घटित हो सकती है। अब देखना यह है कि शहडोल पुलिस इस कट्टाधारी अपराधी को कब तक सलाखों के पीछे भेजती है या फिर हमेशा की तरह लकीर पीटने का काम ही जारी रहेगा।

Previous Post Next Post