दस्त रोको अभियान के तहत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरला में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
Junaid Khan - शहडोल। 27 जुलाई 2026 लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खण्ड शहडोल द्वारा संचालित दस्त रोको अभियान-2026 के अंतर्गत विकासखंड बुढार के ग्राम खरला स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को दस्त की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा जल गुणवत्ता परीक्षण के महत्व की जानकारी व्यवहारिक एवं सरल तरीके से प्रदान की गई। विद्यार्थियों को नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रदर्शन कर सुरक्षित पेयजल की पहचान एवं उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खण्ड शहडोल के पीएमयू स्टाफ एवं आईईसी समन्वयक श्री रोहणी कुमार बर्मन ने विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्यों एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक श्री ओम नारायण शुक्ला सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अभियान के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुँचाकर स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल एवं दस्त की रोकथाम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
