संभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,शहडोल को मिलीं नई महिला कलेक्टर,अनूपपुर की कमान भी नए हाथों में

रतलाम में अपनी कार्यशैली का लोहा मनवाने वाली वरिष्ठ आईएएस मिशा सिंह संभालेंगी शहडोल की कमान,निवर्तमान अधिकारियों का भी रहा शानदार कार्यकाल


Junaid Khan - शहडोल। राज्य शासन द्वारा देर रात जारी 20 प्रशासनिक अधिकारियों (आईएएस) की तबादला सूची के बाद शहडोल संभाग के प्रशासनिक गलियारों में नई ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है। लंबे समय से कयासों के दौर से गुजर रही प्रशासनिक कसावट की इस प्रक्रिया के तहत शहडोल और अनूपपुर, दोनों ही जिलों में कुशल एवं अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इस बड़े बदलाव के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मिशा सिंह को शहडोल का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। अपनी त्वरित निर्णय क्षमता, कठोर प्रशासनिक पकड़ और रतलाम में कलेक्टर रहते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जानी जाने वाली मिशा सिंह की पदस्थापना से शहडोल संभाग के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण में एक अभूतपूर्व गति आने की मजबूत उम्मीद जताई जा रही है।

जनहित को समर्पित रहा निवर्तमान कप्तानों डॉ. केदार सिंह और हर्षल पंचोली का कार्यकाल

शहडोल जिले की कमान सफलतापूर्वक संभालने वाले निवर्तमान कलेक्टर डॉ. केदार सिंह का कार्यकाल विकासपरक प्राथमिकताओं और जनता से सीधे जुड़ाव के लिए सदैव याद रखा जाएगा। उनकी प्रशासनिक सूझबूझ को देखते हुए राज्य शासन ने उन्हें राजधानी भोपाल में अपर सचिव, लोक निर्माण विभाग (PWD) जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार पद की प्रशासनिक कमान सौंपी है। वहीं पड़ोसी जिले अनूपपुर की बात करें तो, वहां बेहतर प्रशासनिक तालमेल और विकास कार्यों को रफ्तार देने वाले कलेक्टर हर्षल पंचोली का स्थानांतरण कार्यपालन संचालक, पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (EPCO), भोपाल के पद पर किया गया है। दोनों ही निवर्तमान कप्तानों ने अपने-अपने जिलों में जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को स्थापित करने में जो बेमिसाल कार्य किया है, उसकी जनमानस में भरपूर सराहना हो रही है।

अनूपपुर को मिले रत्नाकर झा,संभाग में विकास और सुशासन की नई सुबह 

प्रशासनिक बदलाव की इसी कड़ी में उज्जैन के अपर आयुक्त पद पर अपनी प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवा चुके वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रत्नाकर झा को अनूपपुर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। अपनी विशिष्ट कार्यशैली और जनोन्मुखी फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले रत्नाकर झा की नियुक्ति से अनूपपुर जिले में भी जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और बुनियादी विकास को नई दिशा मिलने की पूरी संभावना है। शहडोल में निशा सिंह और अनूपपुर में रत्नाकर झा जैसे दृढ़निश्चयी और अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से पूरे संभाग के आम नागरिकों, किसानों और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस नए प्रशासनिक नेतृत्व से उम्मीद की जा रही है कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण होगा और संभाग के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचेगा।

Previous Post Next Post