शहडोल नगर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा संपन्न,उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
Junaid Khan - शहडोल। भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा गुरुवार को शहडोल नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथ यात्रा का शुभारंभ श्री राम मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पंचायती मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान एवं महाआरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने "जय जगन्नाथ" के जयघोष लगाए तथा भजन-कीर्तन के साथ भगवान का गुणगान किया। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर रथ यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं प्रसाद की व्यवस्था भी की। रथ यात्रा के दौरान नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। भगवान श्री जगन्नाथ की यह भव्य रथ यात्रा शहडोल नगर में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बनी।
