स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक क्रांति,अब स्थानीय स्तर पर धड़केगा 'सुरक्षित दिल'

प्रशासन की सजगता और आदित्य हॉस्पिटल के प्रयास से मिली अत्याधुनिक कैथ लैब की सौगात


Junaid Khan - शहडोल। विंध्य अंचल के हृदय रोगियों के लिए एक बेहद राहत भरी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। शहडोल जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को वैश्विक और अत्याधुनिक स्तर पर ले जाने के संकल्प को एक नया पंख लगने जा रहा है। जिला प्रशासन की लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की सजगता, दूरगामी सोच और निजी क्षेत्र के सकारात्मक सहयोग के समन्वय से आगामी 5 जुलाई को आदित्य सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक 'कैथ लैब' (Cath Lab) का गरिमामयी शुभारंभ होने जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन का दृढ़ दावा है कि इस विश्वस्तरीय सुविधा के विधिवत शुरू होने से अब हृदय संबंधी जटिल जांचों, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण जैसे त्वरित उपचारों के लिए गंभीर मरीजों को नागपुर, जबलपुर या दिल्ली जैसे बड़े और महानगरों का रुख कतई नहीं करना पड़ेगा। अक्सर देखा जाता था कि 'गोल्डन ऑवर' (हार्ट अटैक के शुरुआती कीमती मिनट) में समय पर इलाज न मिलने से मरीज दम तोड़ देते थे, लेकिन अब शहडोल में ही डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम और इस आधुनिक कैथ लैब की मदद से स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को तत्काल जीवनदान मिल सकेगा। इस भगीरथ प्रयास को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन की लगातार मिल रही प्रशासनिक सहूलियतें और स्वास्थ्य विभाग की सजग मॉनिटरिंग वाकई काबिले-तारीफ है, जिसने जिले को चिकित्सा के क्षेत्र में एक आत्मनिर्भर हब के रूप में स्थापित कर दिया है।

सेवा और समर्पण का महासंगम,शनिवार को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का होगा भव्य सम्मान 

इस अभूतपूर्व और जनकल्याणकारी चिकित्सा सुविधा के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर पूरे संभाग में उत्साह का माहौल है। शनिवार, 05 जुलाई को अस्पताल परिसर में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में क्षेत्र के शीर्ष जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विषय-विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रबुद्ध सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन सिर्फ एक लैब की शुरुआत भर नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाले कर्मयोगियों के अभिनंदन का भी साक्षी बनेगा। इस गरिमामयी अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट, निस्वार्थ और उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ डॉक्टरों एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मठ स्वास्थ्यकर्मियों का विशेष रूप से भव्य सम्मान भी किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कैथ लैब के सुचारू संचालन से हृदय रोगों के आधुनिक, सुरक्षित और बेहद किफायती उपचार स्थानीय स्तर पर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। प्रशासन की पीठ थपथपाती और मानव सेवा को सर्वोपरि मानकर काम करने वाले इस अस्पताल की यह पहल शहडोल संभाग के चिकित्सा इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होने जा रही है, जो आने वाले समय में हजारों परिवारों के चिरागों को बुझने से बचाएगी।

Previous Post Next Post