खैरहा में गूंजा राष्ट्रप्रेम, तिरंगों से सजा गांव का मुख्य मार्ग

पंचायत भवन से निकली भव्य तिरंगा यात्रा,विद्यार्थियों ने दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश 


Junaid Khan - शहडोल। सोहागपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरहा में देश की स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार संचालित हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। खैरहा पंचायत भवन परिसर से प्रारंभ हुई इस यात्रा में जिला पंचायत निर्माण समिति अध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा, खैरहा जनपद सदस्य श्रीमती दीपिका जगन्नाथ शर्मा, सरपंच श्रीमती द्विईजी कोल, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, सचिव एवं रोजगार सहायक, शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी सहित थाना स्टाफ के पुलिसकर्मी शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा,जुबां पर राष्ट्रप्रेम का संदेश

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ खैरहा पंचायत भवन प्रांगण से किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अनुशासनबद्ध तरीके से यात्रा में शामिल हुए। विद्यार्थियों के साथ विद्यालयों के शिक्षक भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा का हिस्सा बने। जैसे ही तिरंगा यात्रा खैरहा गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंची, पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।छोटे-छोटे हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के उत्साह से भरे विद्यार्थियों ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। गांव के मुख्य मार्ग से गुजर रही तिरंगा यात्रा को देखने के लिए ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

तिरंगा केवल ध्वज नहीं, देश की एकता और अखंडता का प्रतीक 

यात्रा के दौरान जिला पंचायत निर्माण समिति अध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा ने विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।

ग्रामीणों को दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश 

तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया। यात्रा में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की सहभागिता ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी प्रदान की।यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

पुलिस की मौजूदगी ने बढ़ाया अनुशासन और सुरक्षा

तिरंगा यात्रा में खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस थाना खैरहा का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बीच यात्रा अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से गांव के मुख्य मार्ग से गुजरी।इस अवसर पर थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर मिलता है।उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

पंचायत भवन परिसर में हुआ यात्रा का समापन

तिरंगा यात्रा ग्राम खैरहा के मुख्य मार्ग का भ्रमण करते हुए विभिन्न स्थानों से होकर पुनः खैरहा पंचायत भवन परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। समापन अवसर पर जिला पंचायत निर्माण समिति अध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा, खैरहा जनपद सदस्य श्रीमती दीपिका जगन्नाथ शर्मा, सरपंच श्रीमती द्विईजी कोल, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, सचिव एवं रोजगार सहायक, शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा खैरहा थाना प्रभारी उमाशंकर चतुर्वेदी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। खैरहा में निकली यह तिरंगा यात्रा पूरे गांव में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश छोड़ गई।

Previous Post Next Post